गुण्डरदेही।
कसही खदान में पत्थरों का अवैध उत्खनन के मामले में कार्रवाई की गई। जिला खनिज अधिकारी ने बताया कि विगत 14 सितंबर को जिले के डौंडीलोहारा विकासखण्ड के ग्राम कसही में खनिज अमला द्वारा मौके का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान मौके पर पाए गए बोल्डर पत्थर के संबंध में वैधानिक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए। इस पर पत्थर को जब्त कर सुपुर्दगी में दिया गया तथा संबंधित व्यक्ति को नोटिस जारी कर तीन दिवस के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित अवधि में जवाब प्रस्तुत नहीं करने अथवा जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने पर खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 के प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पूर्व में भी की गई है नियमानुसार कार्रवाई
खनिज अधिकारी ने बताया कि ग्राम कसही में विगत 01 जुलाई 2026 को साधारण पत्थर के अवैध उत्खनन का मामला संज्ञान में आने पर खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 के तहत कार्रवाई करते हुए 50,990 रुपए की राशि खनिज मद में जमा कराई गई थी।
वर्तमान में किसी भी प्रकार की खनिज गतिविधि की अनुमति नहीं
विभाग के अनुसार, ग्राम कसही में वर्तमान में किसी भी प्रकार की खनिपट्टा, उत्खनिपट्टा, भंडारण अनुज्ञा अथवा परिवहन अनुमति स्वीकृत नहीं है। खनिज विभाग द्वारा अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर सतत निगरानी रखते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

