गुण्डरदेही।
परसदा डंग। कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के दिशा-निर्देशानुसार एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के सौजन्य से आंगनबाड़ी केंद्र परसदा डंग-1 में ‘आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम’ का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शासकीय जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने के साथ ही पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जनपद पंचायत अध्यक्ष पुरुषोत्तम चंद्राकर, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि कुलदीप साहू, महिला एवं बाल विकास विभाग की सभापति हेमलता देशलहरा, सदस्य संध्या खरे, ग्राम पंचायत सरपंच सत्यवती साहू सहित समस्त पंचों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
हितग्राहियों से किया सीधा संवाद
कार्यक्रम के दौरान महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना एवं पूरक पोषण आहार योजना से लाभान्वित महिलाओं और अन्य हितग्राहियों से सीधा संवाद किया गया। वहीं बच्चों के लिए खिलौना दान करने वाले दानदाताओं तथा न्योता भोज का आयोजन करने वालों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, मितानिनों एवं पोषण मित्रों को सम्मानित किया गया। इसके अलावा स्वास्थ्य एवं पोषण के क्षेत्र में जागरूकता बढ़ाने वाली सुपोषित माताओं एवं स्वस्थ शिशुओं को भी पुरस्कार प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया।
‘हर घर मुनगा, घर-घर मुनगा’ अभियान के तहत पौधरोपण
परियोजना अधिकारी खलेश्वरी नेताम ने उपस्थित महिलाओं को ‘आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम’ के उद्देश्यों तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी दी। कुपोषण दूर करने और पोषण स्तर में सुधार लाने के उद्देश्य से ‘हर घर मुनगा, घर-घर मुनगा’ अभियान के तहत आंगनबाड़ी केंद्र परिसर एवं हितग्राहियों के घरों में मुनगा (सहजन) के पौधे लगाए गए।
महिलाओं ने खेल प्रतियोगिताओं में लिया हिस्सा
कार्यक्रम को मनोरंजक एवं सहभागितापूर्ण बनाने के लिए महिलाओं के लिए विभिन्न खेल-कूद प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों एवं हितग्राहियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और शासकीय योजनाओं का लाभ लेने तथा पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया।

