सेवा सेतु शिविर में गजाधर राम को मिला पक्के आशियाने का पूर्णता प्रमाण-पत्र।

 गुण्डरदेही।

कच्चे मकान की परेशानी से मिली मुक्ति, पक्की छत पाकर खिला चेहरा

बालोद, 3 अक्टूबर 2026। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत संचालित ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ जरूरतमंद परिवारों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने का माध्यम बन रहा है। इसी क्रम में बालोद विकासखंड के ग्राम पंचायत लिमोरा में आयोजित सेवा सेतु शिविर में ग्राम लिमोरा निवासी गजाधर राम साहू को उनके नवनिर्मित पक्के मकान का आवास पूर्णता प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया।

गजाधर राम साहू ने बताया कि कुछ समय पहले तक उनका परिवार कच्चे और जर्जर मकान में रहने को मजबूर था। बारिश के दिनों में छत से पानी टपकने और मकान में सीलन के कारण परिवार को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। कई बार बारिश का पानी रोकने के लिए घर में रखे बर्तन और बाल्टियां तक कम पड़ जाती थीं। आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं थी कि वे स्वयं पक्का मकान बनवा सकें।

प्रधानमंत्री आवास योजना ने बदली जिंदगी

गजाधर राम साहू ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) उनके परिवार के लिए बड़ी राहत बनकर आई। योजना के तहत मिली आर्थिक सहायता की किश्तों से उन्होंने अपने सपनों का पक्का घर तैयार किया।

सेवा सेतु शिविर में जब पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की ओर से उन्हें आवास पूर्णता प्रमाण-पत्र सौंपा गया, तो उनके चेहरे पर खुशी साफ नजर आई। अब उनका परिवार पक्के मकान में सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन बिता रहा है।

अपने नए घर के सामने खड़े होकर गजाधर राम साहू ने शासन की योजना के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पक्की छत मिलने से उनके परिवार को बारिश और सीलन की परेशानी से स्थायी राहत मिली है। उन्होंने ‘सरकार आपके द्वार’ की भावना के साथ शिविर के माध्यम से ग्रामीणों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share with