ग्राम ओरमा में ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का हुआ आत्मीय सम्मान।

गुण्डरदेही ।

कुपोषण मुक्ति और पोषण जागरूकता पर दिया गया जोर, खेलकूद गतिविधियों में महिलाओं व बच्चों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

बालोद, 03 अक्टूबर 2026। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में बालोद विकासखंड के ग्राम ओरमा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम उत्साह और गरिमामय माहौल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समुदाय में कुपोषण मुक्ति, स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के सेवाभाव को प्रोत्साहित करना रहा।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का किया गया सम्मान

कार्यक्रम के दौरान ग्राम ओरमा की सरपंच मंजूलता साहू ने क्षेत्र में निष्ठा एवं समर्पण के साथ सेवाएं दे रहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को श्रीफल भेंटकर आत्मीय सम्मान किया। सम्मान पाकर कार्यकर्ताओं ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजनों से समाज और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के बीच आत्मीय जुड़ाव मजबूत होता है। साथ ही उन्हें अपने सेवा कार्यों को और अधिक संवेदनशीलता एवं नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाने की प्रेरणा मिलती है।

कुपोषण मुक्ति और पोषण जागरूकता पर जोर

कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं विभागीय अमले ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ तथा ‘आंगन मिलन सेवा’ के उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और सशक्त समाज की नींव सुपोषित बचपन से रखी जाती है। उपस्थित माताओं, बहनों एवं ग्रामीणों से शासन की पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं का लाभ लेने तथा कुपोषण को दूर करने के लिए सामुदायिक सहभागिता बढ़ाने का आह्वान किया गया।

खेलकूद गतिविधियों में दिखा उत्साह

‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी केंद्र परिसर में विभिन्न रचनात्मक, स्वास्थ्यवर्धक एवं मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की गईं। इनमें स्थानीय महिलाओं, माताओं एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। महिलाओं के लिए मनोरंजक खेल एवं कुर्सी दौड़ जैसी गतिविधियां कराई गईं, जिसमें प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

इस अवसर पर स्थानीय पौष्टिक खाद्य पदार्थों, हरी सब्जियों एवं विभिन्न अनाजों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। प्रदर्शनी के माध्यम से संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, विभागीय अमले, गर्भवती एवं शिशुवती माताओं सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share with